जिले की नोडल अधिकारी ने बाराबंकी के अस्पताल का लिया जायजा, दिए निर्देश
बाराबंकी, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी लखनऊ की निदेशक एवं जनपद बाराबंकी की नोडल अधिकारी नीना शर्मा ने सोमवार को जिले के विभिन्न विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत जिला अस्पताल के पास बेगमगंज में निर्माणाधीन 50 शैय्या क्रिटिकल केयर अस्पताल से हुई। नोडल अधिकारी ने निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अस्पताल के सभी कमरों में आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक बेड तक ऑक्सीजन गैस की सुव्यवस्थित आपूर्ति के लिए पाइपलाइन व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। नोडल अधिकारी ने जहांगीराबाद स्थित बृहद गौ संरक्षण केंद्र (निबलेट) का भी निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने देवा नगर पंचायत की पेयजल योजना का भी निरीक्षण किया और खामियों पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सूदन, एडीएम निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सिरौलीगौसपुर तेजस के, एसडीएम नवाबगंज आनंद तिवारी, सीएमओ डॉ. अवधेश यादव, खंड विकास अधिकारी बंकी मोनिका पाठक सहित संबधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

