home page

स्मार्ट कार्ड की कोई योजना नहीं, यूडीआईडी से ही दिव्यांगों को मिलेगा मुफ्त सफर : महेश कुमार

 | 
स्मार्ट कार्ड की कोई योजना नहीं, यूडीआईडी से ही दिव्यांगों को मिलेगा मुफ्त सफर : महेश कुमार


कानपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। परिवहन निगम की बसों में दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क यात्रा हेतु किसी भी प्रकार की स्मार्ट कार्ड योजना लागू नहीं है। यूडीआईडी कार्ड के आधार पर ही उन्हें यह सुविधा दी जा रही है। यदि कोई परिचालक स्मार्ट कार्ड की मांग करता है तो यह गलत है और ऐसे मामलों में शिकायत की जा सकती है। यह बातें सोमवार को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) महेश कुमार ने कही।

राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने स्मार्ट कार्ड को लेकर परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। पार्टी का कहना था कि बसों में परिचालक दिव्यांगजनों से मुफ्त यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड मांग रहे हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में पार्टी द्वारा 11 और 17 अप्रैल को क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भी भेजा गया था, लेकिन कार्रवाई न होने पर कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जल्द लिखित निर्देश जारी करने की भी मांग उठाई, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।

क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से ऐसी कोई योजना लागू नहीं है और केवल यूडीआईडी कार्ड के आधार पर ही दिव्यांगजन रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकते हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि परिचालकों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, जिससे किसी भी यात्री को असुविधा न हो।

इस पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि यदि कोई परिचालक दिव्यांगजनों से स्मार्ट कार्ड मांगकर यात्रा में बाधा उत्पन्न करता है तो उसके खिलाफ नजदीकी थाने में दिव्यांगजन अधिनियम 2016 के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाए। उन्होंने दिव्यांगजनों से फर्जी अफवाहों से सतर्क रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

इस दौरान राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, वैभव दीक्षित, गुड्डी दीक्षित, ओम प्रकाश दास, गौरव, राहुल विश्वकर्मा, कमलेश सिंह, रानी तिवारी, विवेक तिवारी, साबीरा खातून, इसरार अहमद, किशन कुमार अवस्थी, अजीत कुमार, राम शंकर माली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप