home page

हाथरस में चीनी की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएम

 | 
हाथरस में चीनी की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएम


हाथरस, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले में चीनी की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंगलवार काे स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि जनपद में चीनी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आम जनता से अपील किया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही भ्रामक और अनावश्यक अफवाहों पर ध्यान न दें तथा बिना पुष्टि के किसी भी सूचना को आगे प्रसारित न करें।

डीएम अतुल वत्स ने कहा कि प्रशासन की ओर से चीनी की उपलब्धता और बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आम उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग आवश्यकता के अनुसार ही चीनी की खरीदारी करें और अफवाहों के चलते अनावश्यक रूप से इसका स्टॉक न करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजार में चीनी के स्टॉक और बिक्री पर निगरानी रखी जाए। यदि कहीं भी जांच के दौरान चीनी का अधिक मात्रा में अनावश्यक स्टॉक पाया जाता है या जमाखोरी जैसी स्थिति सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना और जमाखोरी व कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाना है। उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी प्रकार की कृत्रिम कमी पैदा करने का प्रयास न करें।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना