नया वित्तीय वर्ष शुरू होने के दो माह बाद भी ग्राम पंचायतों में नया विकास कार्य नहीं हुआ शुरू
मुरादाबाद, 04 जून (हि.स.)। वित्तीय वर्ष 2026-27 शुरू होने के दो महीने बाद भी किसी ग्राम पंचायत में कोई नया विकास कार्य शुरू नहीं हो सका है। जिससे पंचायतों का विकास पिछड़ रहा है। इसके पीछे नई कार्ययोजना का पोर्टल पर अपलोड नहीं होना है। न ही 16वें वित्त आयोग की कोई धनराशि अभी तक जारी की जा सकी है। डीपीआरओ के अनुसार अभी पोर्टल पर नए वित्तीय वर्ष के लिए कार्ययोजना अपलोड नहीं हो रही है, न ही कोई धनराशि जारी की गई है।
पंचायत की व्यवस्था भले ही नई हो लेकिन जो कार्य चल रहे हैं, वह पुरानी कार्ययोजना के ही हैं और 15वें वित्त आयोग की बची धनराशि से ही कराए जा रहे हैं। यदि पुराना धन उपलब्ध है तो जिलाधिकारी की अनुमति से नया कार्य कराया जा सकता है।
आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना, मौजूदा वित्तीय वर्ष के ही अक्टूबर नवंबर माह में ग्राम पंचायत विकास योजना समिति की बैठक करके तैयार की जाती है। जनवरी महीने में दूसरी बैठक करके इसे अंतिम रूप दे दिया जाता है। पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाता है। फरवरी मार्च में केंद्र व राज्य सरकार ग्राम पंचायत की आबादी, भौगोलिक स्थिति व अन्य मानकों पर परखने के बाद फंड जारी कर देती है।
जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा के अनुसार अभी पोर्टल पर नई वित्तीय वर्ष के लिए कार्ययोजना अपलोड नहीं हो रही है, न ही कोई धनराशि जारी की गई लेकिन यदि ग्राम पंचायत में पुराने वित्तीय वर्ष का धन उपलब्ध है तो प्रशासक नया कार्य करा सकते हैं, इसके लिए डीपीआरओ के माध्यम से जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त करनी होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

