home page

शहर के विकास कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, सांसद रमेश अवस्थी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 | 
शहर के विकास कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, सांसद रमेश अवस्थी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


कानपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। कानपुर के विकास कार्यों की प्रगति और शहर की प्रमुख समस्याओं को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की। बैठक में जलभराव, सड़क, बिजली, ट्रैफिक, शिक्षा, स्वास्थ्य, मेट्रो परियोजना और आगामी जगन्नाथ यात्रा की तैयारियों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में कार्य पूरे करें।

समीक्षा बैठक में सांसद ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभागीय अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण है।

आगामी जगन्नाथ यात्रा को लेकर सांसद ने संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण करने और सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही छठ पूजा स्थलों का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

बरसात के मौसम को देखते हुए सांसद ने जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार करने पर भी जोर दिया।

शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सांसद ने स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रमुख विद्यालयों के आसपास सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं केस्को अधिकारियों से जर्जर बिजली के तार और पोल बदलने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

मेट्रो परियोजना की समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों से प्रभावित सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। बैठक के दौरान सांसद ने भाजपा पदाधिकारियों का विभिन्न विभागों के अधिकारियों से परिचय कराते हुए जनहित के मुद्दों पर समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया।

बैठक में विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक महेश त्रिवेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, अपर पुलिस आयुक्त विपिन ताडा, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेगी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप