home page

हाईब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन के मरीज थे प्रतीक, चिकित्सकों ने पॉइजनिंग की आशंका को किया खारिज

 | 
हाईब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन के मरीज थे प्रतीक, चिकित्सकों ने पॉइजनिंग की आशंका को किया खारिज


-मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चाैधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, मंत्री सुरेश खन्ना व अन्य नेता पहुंचे

लखनऊ, 13 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट उन्हें सिविल अस्पताल लेकर पहुँचे थे, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। सिविल अस्पताल में इमर्जेन्सी में तैनात चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गयी थी। प्रतीक के जिम में जाने वाले सर्वेश पाण्डेय ने दावा किया कि रात 11 बजे के आस-पास प्रतीक की तबियत खराब हुई थी। उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया था। हालत सुधरी तो उन्हें घर ले जाया गया। बुधवार सुबह किचन में अचेत अवस्था में प्रतीक यादव को देखा गया। इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया था।

वहीं सिविल अस्पताल के निदेशक डाॅ. जी.पी. गुप्ता ने बताया कि प्रतीक यादव के संबंध में सस्पेक्टेड पॉइज़िनिग की कोई आशंका सिविल चिकित्सालय के तरफ़ से व्यक्त नहीं किया गया है। प्रतीक यादव की मृत्यु स्पष्ट करने के बाद उनके साथ आए लोग उनके शव काे घर ले जाने के लिए एम्बुलेंस में रख लिए थे। एम्बुलेंस में शव रखने के बाद उनके साथ आए रिस्तेदारों ने पोस्टमार्टम की इच्छा व्यक्त की थी। तब तक सभी उच्च अधिकारी को सूचना दे दी गई थी। उसके बाद शव का पंचनामा करा कर पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया। डाॅ. जी. पी. गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सिविल अस्पताल द्वारा पॉइजनिंग की आशंका नहीं व्यक्त की गई।

केजीएमयू के प्रवक्ता डाॅ. के.के. सिंह ने बताया कि सुबह 09 बजे से लेकर 11 बजे के बीच प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम हुआ। 06 चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। विसरा सुरक्षित रखा गया है।

हाईब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन के मरीज थे प्रतीक

प्रतीक यादव हाईब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन के मरीज थे। इसका इलाज भी वह मेदांता अस्पताल से करा रहे थे। मेदांता अस्पताल की मेडिसिन विभाग की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. रुचिता शर्मा ने बताया कि मैं हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों के लिए उनका इलाज कर रही थी। कुछ ही दिन पहले, उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज़्म होने के बाद यहां भर्ती कराया गया था। डॉ. रुचिता शर्मा ने कहा कि यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें खून का थक्का धमनियों में पहुंचकर वहीं फंस जाता है। उनके फेफड़ों में रुकावट के कारण, उनके दिल के काम करने पर बुरा असर पड़ा। कुछ दिन पहले वह साँस लेने में दिक्कत और सांस से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत लेकर यहां आए थे और उसी समय उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज्म का पता चला था। पल्मोनरी एम्बोलिज्म की स्थिति, अपने स्वभाव से ही, बहुत गंभीर होती है और इसमें काफी जोखिम होता है। वह पहले से ही खून पतला करने वाली दवाएं ले रहे थे। उन्हें अपनी मेडिकल समस्याओं के बारे में पूरी जानकारी थी और वह अपनी ब्लड प्रेशर की दवाएं नियमित रूप से लेते थे।

कल होगा अंतिम संस्कार

प्रतीक यादव का शव विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर रखा गया है। उनके अंतिम दर्शन के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल समेत अन्य नेता पहुंचे हैं। प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरूवार को साढ़े 12 बजे पिपराघाट पर होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन