मुरादाबाद में 04-05 सितंबर को शाम छह बजे से रात्रि 02 बजे तक भारी वाहनाें की नो एंट्री
मुरादाबाद, 03 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद के पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष में 4 और 5 सितंबर को मुरादाबाद जनपद में सुदृढ़ यातायात व्यवस्था हेतु भारी एवं व्यवसायिक वाहन/बसों का शाम 6 बजे से रात्रि 2 बजे तक रुट डायवर्जन रहेगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात के अनुसार मुरादाबाद जनपद के शहरी क्षेत्र में सामान्यतः भारी वाहनों की नो एंट्री प्रातः 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक रहती है, जो 4 और 5 सितंबर को प्रातः 6 बजे से रात्रि 2 बजे तक प्रभावी रहेगी।
एसपी ट्रैफिक के अनुसार 4 और 5 सितंबर को कॉठ रोड से आने वाली रोडवेज बसें कोठीवाल डेन्टल कॉलिज तक आयेंगी और वही से वापस जायेंगी। बिलारी, सम्भल रोड, दिल्ली रोड से आने वाली प्राइवेट / रोडवेज बसें आजाद नगर मोड़ टीपी नगर तक आयेंगी और उसी रास्ते से वापस जायेंगी। ठाकुरद्वारा, काशीपुर, स्वार, टाण्डा रोड से आने वाली बसें काशीपुर तिराहा तक आयेंगी और उसी रास्ते से वापस जायेंगी। रामपुर-बरेली की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें प्रेम वण्डर लैण्ड पुल तक आयेंगी तथा वहीं से वापस जायेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

