home page

महिला अधिकारों पर समझौता नहीं, विरोध करने वालों को करेंगे बेनकाब : मीनाक्षी गुप्ता

 | 
महिला अधिकारों पर समझौता नहीं, विरोध करने वालों को करेंगे बेनकाब : मीनाक्षी गुप्ता


कानपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। महिला अधिकारों के मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जो दल महिला आरक्षण का विरोध करते हैं, वे महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के खिलाफ खड़े हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा महिलाओं के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा और ऐसे दलों को जनता के सामने बेनकाब करेगा। यह बातें बुधवार को भाजपा युवा मोर्चा की जिला मंत्री मीनाक्षी गुप्ता ने कही।

महिला अधिकारों को लेकर सियासत तेज होती नजर आ रही है। इसी क्रम में कानपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के बैनर तले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के खिलाफ जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं के साथ महिलाएं भी शामिल हुईं, जिन्होंने महिला आरक्षण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया और जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का रुख महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने संसद में महिला आरक्षण का विरोध कर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बाधा उत्पन्न की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसका युवा मोर्चा महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस दौरान मौजूद महिलाओं ने भी खुलकर अपने विचार रखे और कहा कि अब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और किसी भी तरह के विरोध को बर्दाश्त नहीं करेंगी। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि महिला हितों के खिलाफ कोई भी कदम उठाया गया तो इसी तरह सड़कों पर उतरकर विरोध जारी रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप