प्रीमियम ट्रेनों में भोजन की गुणवत्ता से समझौता नहीं : अकांशु गोविल
कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बेस किचनों से प्रीमियम ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को उच्च गुणवत्ता, स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। बेस किचनों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। यह बातें गुरुवार को उप मुख्य यातायात प्रबंधक/कानपुर अकांशु गोविल ने कहीं।
उप मुख्य यातायात प्रबंधक ने आज स्टेशन स्थित बेस किचनों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने एम/एस आर.के. एसोसिएट और फूड वर्ल्ड द्वारा संचालित किचनों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इन किचनों से शताब्दी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस और तेजस जैसी प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के रख-रखाव, भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, किचन परिसर की साफ-सफाई, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता समेत निर्धारित मानकों की जांच की गई।
अकांशु गोविल ने संबंधित संचालकों और कर्मचारियों को यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्धारित गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बेस किचनों की व्यवस्थाओं की नियमित एवं प्रभावी निगरानी जारी रहेगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

