home page

मुरादाबाद जिला जेल : कार्ड नहीं, बंदी के अंगूठे से खुलेगा फोन का लॉक

 | 
मुरादाबाद जिला जेल : कार्ड नहीं, बंदी के अंगूठे से खुलेगा फोन का लॉक


शिकायत आ रही थी कुछ बंदी दूसरे बंदियों के कार्ड का इस्तेमाल कर बातचीत कर रहे

मुरादाबाद, 06 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद जिला जेल में नया सिस्टम जेल में लगा दिया गया है। अब कार्ड नहीं बल्कि बंदी के अंगूठे से फोन का लॉक खुलेगा। अब तक जेल में बंदियों को कॉल करने के लिए कार्ड आधारित व्यवस्था दी गई थी लेकिन कई मामलों में शिकायत मिली कि कुछ बंदी दूसरे बंदियों के कार्ड का इस्तेमाल कर बातचीत कर रहे थे। इसी समस्या को खत्म करने के लिए जेल प्रशासन ने बायोमेट्रिक आधारित नई प्रणाली लागू की है।

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक बंदी का अंगूठे का निशान सिस्टम में दर्ज किया गया है। फोन का लॉक तभी खुलेगा जब संबंधित बंदी का बायोमेट्रिक मिलान सफल होगा। इससे कोई अन्य बंदी उसके नाम पर कॉल नहीं कर सकेगा और प्रत्येक बातचीत की पहचान भी स्पष्ट रहेगी।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक बृजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि एक बंदी को सप्ताह में दो बार पांच-पांच मिनट बात करने का मौका दिया जा रहा है। उन्होंने आगे यह कॉल बंदी उन्हें दो नंबरों पर लगा सकेंगे जो नंबर उन्होंने जेल प्रशासन को उपलब्ध कराए हैं। बातचीत की रिकार्डिंग पूरी तरह सुरक्षित रहती है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल