home page

जौनपुर में 3,677 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे नितिन गडकरी

 | 
जौनपुर में 3,677 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे नितिन गडकरी


जौनपुर, 4 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पांच नवंबर को जौनपुर के दौरे पर आएंगे। वह मुंगराबादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 3,677 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास, भूमि पूजन और लोकार्पण करेंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री सुबह 11:15 बजे सार्वजनिक डिग्री कॉलेज परिसर में बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में दो बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास, तीन परियोजनाओं का भूमि पूजन और तीन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के बाद वह दोपहर 1:15 बजे रवाना हो जाएंगे।

गडकरी 198 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले चार किलोमीटर लंबे मुंगराबादशाहपुर बाईपास तथा एनएच-128ए पर लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक 33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 4.7 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का शिलान्यास करेंगे। वहीं, एनएच-135ए पर सई नदी पर 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल, 128 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 12 किलोमीटर लंबे जौनपुर बाइपास तथा मड़ियाहूं कस्बे में 92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 1.5 किलोमीटर लंबे रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का भूमि पूजन करेंगे।

इसके अलावा 627 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मछलीशहर-भदोही टूलेन मार्ग, 1,078 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-30 के रायबरेली-प्रयागराज खंड पर जगतपुर, बाबूगंज, ऊंचाहार और अलापुर बाइपास सहित सई नदी पुल के फोरलेन बाइपास तथा 1,505 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रायबरेली-प्रयागराज लिंक रोड का लोकार्पण करेंगे।

कार्यक्रम के लिए वाटरप्रूफ पंडाल तैयार कराया जा रहा है। मंच पर 25 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि सामने लगभग 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला पंडाल बनाया जा रहा है। उधर, मुंगराबादशाहपुर बाइपास निर्माण के लिए कोदहूं, गौरैयाडीह और भैरोपुर गांव के करीब साढ़े तीन सौ काश्तकारों की भूमि अधिग्रहीत की गई है। हालांकि, राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों के चलते सैकड़ों किसानों को अब तक भूमि अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिल सका है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव