home page

कार और टेम्पो की टक्कर में नौ लोग घायल, भर्ती

 | 
कार और टेम्पो की टक्कर में नौ लोग घायल, भर्ती


कार और टेम्पो की टक्कर में नौ लोग घायल, भर्ती


देवरिया, 11 मई (हि.स.)। देवरिया जिला मुख्यालय के देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर सोमवार शाम करीब छह बजे हुए सड़क हादसे में औरा चौरी के समीप नौ लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार टैम्पो और कार से टकरा जाने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

रुद्रपुर क्षेत्राधिकार सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि घायलों में वृंदा देवी (40), सुंदरी (15), सत्यम उर्फ कालू चौहान (18) निवासी गडेर, धर्मेंद्र कन्नौजिया (35), उनकी पत्नी साधना (32), देवांश (4) निवासी बैतालपुर क्षेत्र, शशि कपूर (18) पुत्र रम्भू कन्नौजिया निवासी मागा कोट थाना रुद्रपुर, किशन (5) पुत्र धर्मेंद्र कन्नौजिया, सत्यम पांडेय (13) तथा संतोष निवासी बरारी, गौरीबाजार शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि टैम्पो और कार काफी तेज गति से थे औरा चौरी के पास वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और भीषण टक्कर हो गई । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंपो में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा टैम्पो चालक से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक