home page

एनजीबी यूनिवर्सिटी के नए कुलपति बने प्रो. बीवी तिवारी, पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ऑनलाइन हुआ अभिनंदन

 | 
एनजीबी यूनिवर्सिटी के नए कुलपति बने प्रो. बीवी तिवारी, पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ऑनलाइन हुआ अभिनंदन


एनजीबी यूनिवर्सिटी के नए कुलपति बने प्रो. बीवी तिवारी, पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ऑनलाइन हुआ अभिनंदन


जौनपुर,07 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान के डीन एवं पूर्व कार्यवाहक कुलपति रहे प्रो. बीवी तिवारी को नेहरू ग्राम भारती विश्व विद्यालय प्रयागराज का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। उन्होंने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस अवसर पर मंगलवार को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उनका अभिनंदन किया।इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी के प्रतिष्ठित शिक्षाविद प्रो. तिवारी ने वर्ष 1986 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी रुड़की से एमटेक तथा वर्ष 1993 में यूनिवर्सिटी आफ लखनऊ से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। चार दशक से अधिक के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में डीन, विभागाध्यक्ष और कार्यवाहक कुलपति सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। इसके अलावा इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी इलाहाबाद तथा गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी हिसार सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में भी उन्होंने अध्यापन, अनुसंधान और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।ऑनलाइन आयोजित अभिनंदन समारोह में पूर्व कुलपति प्रो. डी.डी. दुबे ने कहा कि प्रो. बीवी तिवारी का अनुभव और नेतृत्व विश्वविद्यालय को नई दिशा देगा। अपने संबोधन में प्रो. तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता विश्वविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार, अनुशासन, पारदर्शिता और उत्तरदायी प्रशासन का केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति सामूहिक प्रयास, समर्पण और सकारात्मक कार्य संस्कृति से ही संभव है।कार्यक्रम में प्रो. हरिश्चंद्र पुरोहित, प्रो. एस.के. सिन्हा, मनु प्रसाद आचार्य, डॉ. हरिश्चंद्र मौर्य, प्रो. ए.के. श्रीवास्तव, प्रो. सौरभ पाल, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. राजकुमार सोनी, प्रो. दिग्विजय सिंह, प्रो. मनोज मिश्रा तथा डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर सहित अनेक शिक्षकों ने प्रो. तिवारी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विवेक सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रमोद सिंह कौशिक ने किया। अंत में प्रो. तिवारी ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव