home page

छात्र संसद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, राष्ट्रहित और अनुशासन का लिया संकल्प

 | 
छात्र संसद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, राष्ट्रहित और अनुशासन का लिया संकल्प


कानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। विद्यार्थियों में नेतृत्व की भावना के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का भाव होना जरूरी है। छात्र जीवन में मिली जिम्मेदारियां भविष्य में उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने में मदद करती हैं। विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने की भावना विकसित करनी चाहिए। यह बातें शनिवार को विष्णुपुरी स्थित सेठ मोतीलाल खेडिया इंटर कॉलेज में आयोजित छात्र संसद के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि सीएसए के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहीं।

विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह का शुभारंभ सुबह 11 बजे हुआ। कार्यक्रम के दौरान छात्र संसद के लिए चयनित विद्यार्थियों ने विभिन्न पदों की शपथ ग्रहण की। प्रेसिडेंट, वाइस प्रेसिडेंट, हेड बॉय, हेड गर्ल और कैप्टेन समेत अन्य पदों पर चुने गए छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के अनुशासन, छात्र हित और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि डॉ. संजीव गुप्ता ने नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद हासिल करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी को समझकर उसका ईमानदारी से निर्वहन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने तथा राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र संसद विद्यार्थियों में निर्णय लेने, जिम्मेदारी निभाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का बेहतर माध्यम है।

विद्यालय के अध्यक्ष सुभाष चंद्र खेडिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रप्रेम को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्र पदाधिकारियों को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए छात्र हित में कार्य करना चाहिए। साथ ही विश्वबंधुत्व की भावना को अपनाकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझना चाहिए।

विद्यालय के प्रबंधक कमल किशोर गुप्ता ने नवनिर्वाचित छात्र संसद के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पद के साथ जिम्मेदारी भी आती है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय के नियमों और अनुशासन का पालन करते हुए अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता से निभाने की अपेक्षा की। प्रधानाचार्या सुमन चंदोला ने छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में छात्र संसद की महत्वपूर्ण भूमिका है।

समारोह में विद्यालय के आचार्य-आचार्याओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप