दीवानी न्यायालय में नवनिर्मित अधिवक्ता हाल व सिविल लाइब्रेरी का लोकार्पण, अधिवक्ता रहे न्यायिक कार्य से विरत
जौनपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दीवानी न्यायालय परिसर में बुधवार को नवनिर्मित अधिवक्ता हाल एवं सिविल लाइब्रेरी का विधिवत लोकार्पण किया गया। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, दीवानी अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं तथा न्यायालय कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
उद्घाटन समारोह से पूर्व दीवानी अधिवक्ता संघ की सामान्य सभा संघ अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव की अध्यक्षता एवं मंत्री रणबहादुर यादव के संचालन में आयोजित हुई। सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उद्घाटन दिवस पर सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इसके अनुपालन में अधिवक्ताओं ने पूरे दिन न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए समारोह में सहभागिता की।
दोपहर दो बजे जनपद न्यायाधीश अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ संघ भवन पहुंचे। पूजा-अर्चना के उपरांत नवनिर्मित अधिवक्ता हाल एवं सिविल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इसके बाद न्यायिक अधिकारियों ने भवन और लाइब्रेरी का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण दीवानी न्यायालय की विभिन्न अदालतों में सूचीबद्ध कई मामलों की सुनवाई प्रभावित हुई और अनेक वादों में अगली तिथियां निर्धारित करनी पड़ीं।
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि आधुनिक अधिवक्ता हाल और सुसज्जित सिविल लाइब्रेरी लंबे समय से बार की आवश्यकता थी। नई सुविधाओं से बार की बैठकों, विधिक संगोष्ठियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा अध्ययन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही युवा अधिवक्ताओं को विधिक पुस्तकों एवं संदर्भ सामग्री का बेहतर लाभ मिल सकेगा। समारोह के दौरान बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय एवं न्यायिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

