सीएसजेएमयू: मानव विज्ञान के अन्तरराष्ट्रीय सेमिनार में देश-विदेश के वैज्ञानिक देंगे व्याख्यान
कानपुर, 09 मार्च (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी द्वारा 12 से 14 मार्च तक इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एडवांसेस इन लाइफ साइंसेज का आयोजन किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत सहित कई देशों से 150 से अधिक वैज्ञानिक, शोधार्थी, शिक्षक और विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य जीवन विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवीनतम शोध, तकनीकी प्रगति और नवाचारों पर वैश्विक स्तर पर विचार-विमर्श के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में सीएसआईआर–राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) लखनऊ के निदेशक डॉ. अजीत कुमार शासनी उपस्थित रहेंगे। वे अपने उद्बोधन में जीवन विज्ञान और वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे नवीन अनुसंधानों तथा उनके वैज्ञानिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालेंगे।
सम्मेलन की अध्यक्षता प्रो. वर्षा गुप्ता करेंगीं, जबकि को-कॉन्फ्रेंस चेयर के रूप में डॉ. अनुराधा कलानी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। सम्मेलन के संयोजक डॉ. राकेश कुमार शर्मा, डॉ. प्रमोद कुमार यादव और डॉ. एकता खरे हैं।
सम्मेलन में मिसौरी विश्वविद्यालय, अमेरिका की डॉ. मिन सु मुख्य वक्ता के रूप में व्याख्यान देंगी, जबकि रूसी विज्ञान अकादमी, मॉस्को के प्रो. विक्टर वित्वित्स्की आमंत्रित वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। सम्मेलन के दौरान बायोमेडिकल साइंसेज, कैंसर बायोलॉजी, प्लांट साइंसेज, एंजाइमोलॉजी और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शोधार्थियों को अपने शोध प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा।
साेमवार काे जानकारी देते हुए कुलपति ने बताया कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन वैज्ञानिकों और शोधार्थियों को अपने विचार और शोध साझा करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

