home page

मुरादाबाद : बीते आठ साल में दोगुने से अधिक हो गईं जमीन की दरें, नये प्रस्तावित सर्किल रेट एक सितंबर से होंगे लागू

 | 
मुरादाबाद : बीते आठ साल में दोगुने से अधिक हो गईं जमीन की दरें, नये प्रस्तावित सर्किल रेट एक सितंबर से होंगे लागू


प्रस्तावित सर्किल रेट पर 15 अगस्त की शाम पांच बजे तक लोग आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं : जिलाधिकारी

मुरादाबाद, 09 अगस्त (हि.स.)। सर्किल रेट हर साल बढ़ने के कारण मुरादाबाद महानगर के प्रमुख मोहल्लों, कॉलोनियों की जमीनों की कीमत आठ साल बाद दोगुना से अधिक हो गई है। हालांकि जमीनों का बाजार मूल्य सर्किल रेट से कहीं ज्यादा है। जिला प्रशासन ने वर्ष 2017 से 2026 के बीच करीब 8 बार सर्किल रेट बढ़ाए हैं।नया प्रस्तावित सर्किल रेट एक सितंबर से लागू किया जाएगा। जमीनें महंगी होने के कारण मध्यम वर्ग के व्यक्ति को शहर में जमीन खरीदकर घर बनाना आसान नहीं होगा।

जिला प्रशासन ने वर्ष 2026-27 के लिए सर्किल रेट का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसमें पांच से 15 प्रतिशत तक जमीन की दरें बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। कामर्शियल और निर्माण की दरों में परिवर्तन नहीं किया गया है। जिलाधिकारी डॉ राजेंद्र पैंसिया ने प्रस्तावित नई दरों को एक सितंबर से लागू करने की योजना बनाई है। इससे पहले प्रस्तावित सर्किल रेट पर 15 अगस्त की शाम पांच बजे तक लोग आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं।

एआईजी स्टॉप अनिल कुमार का कहना है कि यदि कोई आपत्तियां आती हैं तो उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद नई दरें डीएम की स्वीकृति के बाद लागू कर दी जाएंगी। नई सर्किल रेट की तुलना 2017 के रेट से की जाए तो शहर की जमीनों की कीमत करीब दो गुना से अधिक हो जाएगी।

जिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरहट्टी से टाउनहाल, अमरोहा गेट तक वर्ष 2017 में सर्किल रेट 62,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 1,44,000 रुपये, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में डिप्टीगंज चौराहे से लेकर चक्कर का मिलक वर्ष 2017 में सर्किल रेट 42,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 95,000 रुपये है, सदर कोतवाली क्षेत्र में मंडी चौक रोड पानदरीबा तक वर्ष 2017 में सर्किल रेट 50,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 1,44000 रुपये है, बुधबाजार चौराहा से ताड़ीखाना तक वर्ष 2017 में सर्किल रेट 62,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 1,44,000 रुपये है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में गुरहट्टी से लेकर पीलीकोठी चौराहे तक वर्ष 2017 में सर्किल रेट 66,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 1,46,000 रुपये है, पीलीकोठी से मधुबनी तक वर्ष 2017 में सर्किल रेट 66,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 1,33,000 रुपये है, मधुबनी से आगे विवेकानंद अस्पताल तक वर्ष 2016 में सर्किल रेट 63,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 1,27,000 रुपये है, विवेकानंद के अगवानपुर ओवर ब्रिज तक वर्ष 2016 में सर्किल रेट 32,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 74,000 रुपये है, लोकोशेडपुल से चौधरी चरण सिंह तिराहे तकवर्ष 2016 में सर्किल रेट 60,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 1,18,000 रुपये है, थाना कटघर क्षेत्र में प्रभात मार्केट से फौव्वारा चौक तक वर्ष 2016 में सर्किल रेट 62,000 रुपये था, जबकि वर्तमान में 1,44,000 रुपये हो गई है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल