home page

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत 73,184 नए आवासों को मिली स्वीकृति

 | 
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत 73,184 नए आवासों को मिली स्वीकृति


लखनऊ, 10 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत प्रदेश के 137 नगर निकायों में 73,184 नए आवासों के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही योजना के बीएलसी घटक के अंतर्गत प्रदेश में कुल स्वीकृत आवासों की संख्या 4,88,526 हो जाएगी।

मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अन्तर्गत गठित राज्य स्तरीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति (एसएलएसएमसी) की बैठक साेमवार काे आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत आवासीय परियोजनाओं का कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ तय समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजना के लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने तथा परियोजनाओं की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया।

मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की निरंतर समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्यों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलम्ब न हो। बैठक में प्रमुख सचिव, नगर विकास पी. गुरूप्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन