home page

नई आईआरसीटीसी वेबसाइट का बीटा संस्करण अब हाेगा उपलब्ध : डॉ. शिवम शर्मा

 | 
नई आईआरसीटीसी वेबसाइट का बीटा संस्करण अब हाेगा उपलब्ध : डॉ. शिवम शर्मा


कानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट यात्रियों को अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक ऑनलाइन टिकट बुकिंग का अनुभव देगी। बीटा संस्करण के माध्यम से प्राप्त सुझावों के आधार पर इसे और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जाएगा। यह बातें बुधवार को को उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने कहीं।

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) शुक्रवार रात नौ बजे अपनी नई वेबसाइट का बीटा संस्करण लॉन्च करेगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को नए स्वरूप और बेहतर यूजर एक्सपीरियंस का अनुभव कराना तथा उनकी प्रतिक्रिया के आधार पर वेबसाइट को और अधिक प्रभावी बनाना है। बीटा संस्करण को https://www.irctc.co.in/eticket/ पर तथा वर्तमान आईआरसीटीसी वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से एक्सेस किया जा सकेगा।

नई वेबसाइट के डिजाइन और फीचर्स तैयार करने में मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के विद्यार्थियों के सुझावों को भी शामिल किया गया है। वर्ष 2002 में शुरू हुई आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से वर्तमान में प्रतिदिन औसतन चौदह लाख पचास हजार टिकट बुक किए जाते हैं। नए संस्करण में साफ-सुथरा इंटरफेस और सरल उपयोगकर्ता अनुभव पर विशेष ध्यान दिया गया है।

बीटा संस्करण में अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स को हटाया गया है। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ देखने की सुविधा मिलेगी। टिकट बुकिंग के लिए आवश्यक चरणों की संख्या कम की गई है और यात्रियों के विवरण सुरक्षित रखने की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे दोबारा टिकट बुक करना आसान होगा।

आईआरसीटीसी ने उपयोगकर्ताओं से बीटा संस्करण का उपयोग कर सुझाव और फीडबैक देने की अपील की है। प्राप्त सुझावों के आधार पर वेबसाइट में और सुधार किए जाएंगे। इसके बाद इसे विकसित किए जा रहे नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन के साथ एकीकृत किया जाएगा। रेल मंत्रालय के अनुसार आगामी कुछ सप्ताहों में पूर्ण रूप से आधुनिक और उन्नत आईआरसीटीसी पोर्टल यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप