आम लोगों के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प बनकर उभर रहे हैं इलेक्ट्रिक वाहन : अमित मिश्रा
कानपुर, 22 जून (हि.स.)। कानपुर में बढ़ती ईंधन कीमतों और पर्यावरण संरक्षण की जरूरत को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। डिप्टी पड़ाव स्थित चन्द्रिका देवी मंदिर के निकट एम पेज ऑटो मोबाइल ईवी शोरूम का शुभारंभ किया गया, जहां ग्राहकों को विभिन्न मॉडल की इलेक्ट्रिक दोपहिया गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी। यह बातें सोमवार को शोरूम संचालक अमित मिश्रा ने कहीं।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छ ऊर्जा तथा वैकल्पिक ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से शोरूम की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच ईवी वाहन आम लोगों के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प बनकर उभर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शोरूम में ट्राइवोल्ट (त्रिवोल्ट) कंपनी के जूटर (जूटर) मॉडल सहित कई आधुनिक इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध हैं। जूटर मॉडल की शुरुआती कीमत करीब 55 हजार रुपये रखी गई है। ग्राहकों को विभिन्न ऑफर और सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरित हों।
अमित मिश्रा ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन न केवल ईंधन की बचत करते हैं, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आने वाले समय में ईवी सेक्टर की मांग और तेजी से बढ़ने की संभावना है, इसलिए लोगों को इस तकनीक को अपनाने के लिए आगे आना चाहिए।
शोरूम उद्घाटन समारोह में मितेश मिश्रा, अविराज वर्मा, सुमित शर्मा, मोहम्मद अफशान, सोमेन्द्र प्रकाश, वरदान दीक्षित, अभिषेक मिश्रा, सत्यम सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

