home page

जनसमस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता : नवागंतुक जिलाधिकारी

 | 
जनसमस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता : नवागंतुक जिलाधिकारी


कानपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। कानपुर की आवश्यकताओं को समझते हुए विकास कार्यों और जनसुविधाओं को प्रभावी बनाने के साथ शासन के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा। यह बातें बुधवार को कानपुर नगर के 59वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के बाद महेंद्र सिंह तंवर ने कही।

नवागत जिलाधिकारी ने आज कोषागार में कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न पटलों और कार्यालयों की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं तथा अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता के साथ समयबद्धता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी।

महेंद्र सिंह तंवर 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। जिलाधिकारी के रूप में कानपुर नगर उनका तीसरा जिला है। इससे पहले वह संतकबीरनगर और कुशीनगर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके अलावा गाजियाबाद के नगर आयुक्त, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और शाहजहांपुर में मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। एटा और बहराइच में भी उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं।

कलेक्ट्रेट निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न कार्यालयों और पटलों पर पहुंचकर लंबित प्रकरणों, अभिलेखों के रखरखाव और कामकाज की स्थिति देखी। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के साथ कार्यालयों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि शासकीय कार्यों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। कार्यालय आने वाले लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, आईएएस संदीप कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप