तीन जुलाई से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र, सभी विभाग तैयारियां पूरी करें : प्रो. ब्रष्टि मित्रा
कानपुर, 04 जून (हि.स.)। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत तीन जुलाई से की जाएगी और सभी स्कूलों व विभागों को समयबद्ध तरीके से अपनी तैयारियां पूरी करनी होंगी। नवप्रवेशी छात्रों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, सुविधाओं और नियमों की जानकारी दी जाएगी। यह बातें गुरुवार को सीएसजेएम विश्वविद्यालय की डीन एकेडमिक्स प्रो. ब्रष्टि मित्रा ने जारी निर्देशों में कही हैं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के संचालन को लेकर डीन एकेडमिक्स कार्यालय ने सभी स्कूलों, विभागों और संस्थानों के निदेशकों, विभागाध्यक्षों तथा प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए सत्र की कक्षाओं को समय पर शुरू कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
जारी आदेश के अनुसार विश्वविद्यालय का 41वां दीक्षांत समारोह नौ जुलाई 2026 को प्रस्तावित है। इसे ध्यान में रखते हुए नए सत्र की शैक्षणिक गतिविधियों का कार्यक्रम तय किया गया है। प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए तीन से सात जुलाई के बीच विभिन्न स्कूलों और विभागों में अभिविन्यास (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
तीन जुलाई को स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के बीबीए, स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के बीफार्म, अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज के बीएएलएलबी व बीबीएएलएलबी तथा फाइन आर्ट्स विभाग के छात्रों का ओरिएंटेशन होगा। चार जुलाई को एमबीए, आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज, हेल्थ साइंसेज, एमफार्म, डिप्लोमा, एलएलबी-एलएलएम और म्यूजिक विभाग के छात्रों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
छह जुलाई को बीकॉम, बीटेक, एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, टीचर एजुकेशन तथा लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी के छात्रों का अभिविन्यास होगा। सात जुलाई को बीसीए-एमसीए, डिजाइन, लैंग्वेजेज, फिजिकल एजुकेशन, लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी तथा जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विभाग में नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों को आगामी सेमेस्टर की कक्षाओं की समय-सारिणी तैयार कर 15 जून तक डीन एकेडमिक्स कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय का उद्देश्य है कि शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन निर्धारित समय पर और व्यवस्थित ढंग से हो सके।
मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि जिन पाठ्यक्रमों में छात्र इंटर्नशिप, इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग, फील्डवर्क या अन्य अनिवार्य गतिविधियों में व्यस्त हैं, उनकी कक्षाएं बाद की तिथि से शुरू की जा सकती हैं। ऐसे विभागों को अपनी प्रस्तावित समय-सारिणी और कक्षाएं शुरू होने की तिथि की जानकारी डीन एकेडमिक्स कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

