बुआ की हत्या कर कुंडल-पायल लूटे, पांच दिन में भतीजा गिरफ्तार
औरैया, 31 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव में वृद्ध महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज पांच दिन के भीतर खुलासा करते हुए मृतका के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतका के कुंडल-पायल, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि 27 मई को सूरजपुर गांव स्थित एक बंद मकान में 65 वर्षीय संतोष कुमारी का शव बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही थाना बिधूना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतका के पुत्र जैनेन्द्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश सिंह निवासी सूरजपुर की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों पर नजर रखी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कमलपुर नहर पटरी से टीटू उर्फ आशीष पुत्र स्वर्गीय रामकरन द्विवेदी निवासी सूरजपुर, हाल निवासी विकास नगर गुरुदेव, थाना नवाबगंज, कानपुर नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल करते हुए बताया कि संतोष कुमारी उसके मोहल्ले की बुआ थीं और गांव में अकेले रहती थीं। उनका पुत्र अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश के विदिशा में निवास करता है। आरोपी के अनुसार 25 मई को वह संतोष कुमारी के घर गया था। बातचीत के दौरान मृतका ने उसकी मां के चरित्र को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी और उसे थप्पड़ मार दिया। इससे वह बेहद आक्रोशित हो गया।
आरोपी ने बताया कि उसी रात करीब 11:30 बजे उसने कुर्सी पर बैठी संतोष कुमारी की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ पांच-छह वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने मृतका का मोबाइल फोन बाथरूम में फेंक दिया तथा उनके कानों से कुंडल और पैरों से पायल उतार ली। इसके बाद घर के मुख्य गेट पर ताला लगाकर फरार हो गया। हत्या में प्रयुक्त चाकू उसने घर के पास स्थित एक खाली प्लॉट में छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, कुंडल, पायल, नकदी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
इस हत्याकांड के सफल खुलासे में प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार, उपनिरीक्षक यतेन्द्र कुमार तथा हेड कांस्टेबल दीपेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
हिंदुस्थान समाचार/सुनील कुमार
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

