शहर में सफाई और निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जहां भी लापरवाही मिलेगी, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी तथा अधूरे कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाएंगे। यह बातें सोमवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोन-3 के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान कहीं।
नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड रोड, आवास विकास हंसपुरम, हंसवाटिका, दासूकुआं, नौबस्ता, कर्रही, जरौली, बर्रा बाईपास समेत कई क्षेत्रों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, जलनिकासी और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। खाड़ेपुर क्षेत्र में जलभराव की शिकायतों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अस्थायी रूप से ह्यूम पाइप के माध्यम से जलनिकासी की व्यवस्था कर दी गई है। हालांकि नालियों में सिल्ट, फ्लोटिंग कचरा और सड़क पर गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने तत्काल सफाई के निर्देश दिए तथा कार्य में शिथिलता बरतने पर अवर अभियंता हरिओम और संबंधित कार्यदायी संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के कारण फुटपाथ निर्माण प्रभावित होने पर नगर आयुक्त ने जल निगम से समन्वय स्थापित कर सभी हाउस कनेक्शन समयबद्ध ढंग से पूरे कराने तथा कार्यों का बार चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण सामग्री हटाने और आमजन की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा।
खाड़ेपुर और दासूकुआं क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर नगर आयुक्त ने सख्त नाराजगी जताई। वार्ड-21 में मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मुकेश शर्मा और सफाई नायक रंजीत को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय से संबद्ध करने के निर्देश दिए, जबकि दासूकुआं में सफाई निरीक्षक ऋषि कुमार को कारण बताओ नोटिस और सफाई पर्यवेक्षक करण का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर सफाई और प्रतिदिन कूड़ा उठान सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
हंसपुरम में निर्माणाधीन ट्रैफिक चिल्ड्रेन पार्क का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने 15वें वित्त आयोग से कराए जा रहे कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं मछरिया तालाब क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा पूरे क्षेत्र का सर्वे कर स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान हंसपुरम में बड़ी संख्या में आवारा पशु घूमते मिलने पर विशेष अभियान चलाकर उन्हें पकड़कर कांजी हाउस भेजने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पनकी से नमक फैक्ट्री चौराहे और डबल पुलिया तक ग्रीन बेल्ट में फैली गंदगी हटाने के लिए उद्यान विभाग और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

