पीड़िताओं की सुरक्षा में लापरवाही अक्षम्य: शैलजा मिश्रा
देवरिया, 31 मार्च (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के तत्वावधान में वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जनपद न्यायाधीश-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया धनेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीडी) श्रीमती शैलजा मिश्रा द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव शैलजा मिश्रा ने कहा कि पीड़िताओं की सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य है। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना समाज और संस्थाओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर मौजूद पीड़िताओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि केंद्र पर सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में फ्रंट और साइड कैमरे काम नहीं कर रहे थे। इस पर सचिव ने कड़ी नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रबंधक को तत्काल खामियां दूर करने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा, केंद्र प्रबंधक नीतू भारती को निर्देशित किया गया कि जिन महिलाओं को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उनके मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक संख्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में भेजा जाए, ताकि उन्हें समय पर न्याय और सहायता मिल सके। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही मिलने पर सम्बंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

