home page

निर्माण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा हो काम : जिलाधिकारी

 | 
निर्माण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा हो काम : जिलाधिकारी


कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य निर्धारित समय सीमा में ही पूरा होना चाहिए। यह बातें सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बिल्हौर क्षेत्र में निर्माणाधीन थाना भवन एवं आवासीय परिसर का जायजा लेने के दौरान कहीं।

जिलाधिकारी ने जायजा लेने के दौरान निर्माण कार्य की बारीकी से जांच की और कई कमियां पकड़ते हुए कार्यदायी संस्था को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान दरवाजों, कब्जों और फिनिशिंग से जुड़ी खामियां सामने आईं, जिन्हें तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश सी एंड डी एस यूनिट-05, जल निगम (नगरीय), कानपुर के अधिकारियों को दिए गए।

गृह विभाग की थानों के आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत इस परियोजना के लिए शासन द्वारा करीब 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 19 दिसंबर 2024 से शुरू हुआ निर्माण कार्य वर्तमान में अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

परियोजना के तहत थाना परिसर का निर्माण आधुनिक मॉडल डिजाइन के अनुरूप किया जा रहा है, जबकि आवासीय परिसर में टाइप-बी के लगभग 26 आवास बनाए जा रहे हैं। आवासीय भवनों पर करीब 8.80 करोड़ रुपये और अनावासीय भवनों पर लगभग 7.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने थाना परिसर को जीटी रोड से जोड़ने के लिए एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-2) को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे आमजन और पुलिस पेट्रोलिंग के लिए आवागमन और अधिक सुगम होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि पुलिस बल को बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अखण्डेश्वर, सीएंडडीएस के परियोजना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप