home page

त्योहारों पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : अर्पित उपाध्याय

 | 
त्योहारों पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : अर्पित उपाध्याय


कानपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। आगामी पर्वों के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

बैठक में अपर नगर आयुक्त द्वितीय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सभी जोनल स्वच्छता अधिकारी तथा प्लांट एवं वर्कशॉप प्रभारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा जमा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शहर में प्रतिदिन करीब 1800 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है, जबकि वर्तमान में लगभग 1300 मीट्रिक टन का ही उठान हो रहा है। उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम इस्तेमाल करते हुए वाहनों के अतिरिक्त चक्कर लगवाने को कहा गया। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डीजल खर्च का नियमानुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों और निर्धारित कार्यक्षेत्र में काम नहीं करने वालों को चिन्हित कर अंतिम नोटिस जारी करने को कहा गया। इसके बाद भी लापरवाही मिलने पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पीसीटीएस और ट्रांसफर स्टेशनों के बाहर कूड़ा मिलने पर संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी तय कर आर्थिक दंड लगाने के निर्देश अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव को दिए गए। नहर किनारे छोड़ी जा रही सिल्ट के निस्तारण के लिए सिंचाई विभाग से समन्वय करने को भी कहा गया।

नगर आयुक्त ने रोड स्वीपर के रूट में बदलाव करते हुए आउटर क्षेत्रों में दिन और आंतरिक क्षेत्रों में रात के समय सफाई कराने के निर्देश दिए। सॉलिड वेस्ट प्लांट पर प्रतिदिन पहुंचने वाले कूड़े की मात्रा, वाहनों की संख्या और उनके चक्करों का रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने उद्यान विभाग की कटिंग और निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) कचरे को भी मौके पर नहीं छोड़ने तथा तत्काल उठान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जोनल स्वच्छता अधिकारियों के कार्यालयीन कार्यों के लिए पहले से कार्यरत दक्ष कंप्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध कराने को लेकर अपर नगर आयुक्त प्रथम को आवश्यक आदेश जारी करने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप