home page

रास्ते के अभाव में औरैया की क्रिटिकल केयर यूनिट आगरा शिफ्ट, सपा ने खोला मोर्चा

 | 
रास्ते के अभाव में औरैया की क्रिटिकल केयर यूनिट आगरा शिफ्ट, सपा ने खोला मोर्चा


औरैया, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के चिचौली मेडिकल कॉलेज में प्रस्तावित 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) के आगरा स्थानांतरण की खबर से स्वास्थ्य विभाग और आम जनता में चिंता गहरा गई है। वर्ष 2024 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत स्वीकृत यह यूनिट गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित की जानी थी।

यूनिट के लिए जमीन पहले ही चिन्हित कर खतौनी में दर्ज की जा चुकी है, लेकिन यूनिट तक पहुंच मार्ग (रास्ता का अभाव) न बन पाने के कारण परियोजना लंबे समय से अटकी रही। बीते दो वर्षों में कई बार अधिकारियों ने निरीक्षण किया, लेकिन रास्ते की समस्या का समाधान नहीं निकल सका। इसी वजह से इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना को आगरा स्थानांतरित किए जाने की चर्चा तेज हो गई है।

इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी (सपा)ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने शनिवार को कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से मुझे जानकारी हुई कि जिले के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिले से दो एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे गुजरने के बावजूद बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि जालौन और कानपुर देहात के मरीज भी औरैया पर निर्भर रहते हैं, ऐसे में इस यूनिट का स्थानांतरण पूरे क्षेत्र के लिए बड़ा नुकसान साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार