विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास का संकल्प हुआ पूरा
वाराणसी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को शहर में अपने 76 दिवसीय स्वच्छता अभियान का संकल्प पूरा किया। विधायक डॉ तिवारी ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में टाउनहॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं लोहटिया स्थित लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात विधायक ने अंतिम दिवस के प्रवास की शुरुआत पियरीकला वार्ड में की। वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में झाड़ू लगा विधायक ने स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही साथ जनसंपर्क कर क्षेत्रीय लोगों का कुशलक्षेम जाना।
बताते चले विगत 04 साल से हर वर्ष विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर में इस प्रवास कार्यक्रम का आयोजन करते है। प्रधानमंत्री मोदी इस साल 76 वर्ष के हो गए, इसी को आधार बना दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम का आयोजन किया । 19 जुलाई से 02 अक्टूबर तक जारी इस आयोजन में 20,000 से अधिक परिवारों से जनसंपर्क किया और यदि उनकी समस्या रही तो उनका त्वरित समाधान किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक ने घर घर जाकर लोगों से संवाद किया। संवाद के दौरान विधायक ने वार्डों में साफ सफाई और हरियाली के लिए लोगों से आह्वाहन भी किया। अंतिम दिवस भी विधायक ने पियरी कला वार्ड में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके साथ वार्ड में स्थित स्व.राजनारायण पार्क (बेनियाबाग) में 101 पौधों का रोपण किया।
इन 76 दिनों में पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने 70 से अधिक जनचौपाल लगाकर 24 वार्डों में कम से कम तीन बार भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान मिले छोटी छोटी समस्याओं का निराकरण किया। इन 76 दिनों में लगभग 7000 छोटी छोटी समस्याओं का निस्तारण हुआ । इसमें सीवर एवं पेजयल से संबंधित कई जटिल समस्या रही । इस पर विधायक ने मौके स्थल पर साथ चल रहे संबंधित अधिकारी से , प्रत्येक बिंदु पर विचार कर , हर समस्या का सटीक समाधान देने का प्रयास किया। प्रत्येक दिवस में विधायक के भ्रमण के दौरान सम्बन्धित विभाग के अधिकारी साथ में चलते रहे, जिससे विधायक के आगे बढ़ते ही पीछे-पीछे कर्मचारियों द्वारा त्वरित समाधान कराया गया। इसमें प्रमुख रूप से जाम सीवर, क्षतिग्रस्त गली पीट व मार्ग पर टूटे हुए पत्थर रहे। इसी प्रवास के दौरान विधायक ने पेयजल की समस्या के दृष्टिगत दारानगर क्षेत्र मे एक मिनी नलकूप लगवाने का कार्य किया। इसके अलावा कोनिया में क्षेत्र में ध्वस्त सीवर लाइन हेतु, नवीन सीवर लाइन डलवाने का कार्य करवाया।
इन 76 दिवस में विधायक नीलकंठ तिवारी ने नगर निगम, सीएसआर, त्वरित, पूर्वांचल विकास निधि (ज़िलांश), पूर्वांचल विकास निधि (राज्यांश), अवस्थापना निधि एवं विकास निधि के मद में केटीबी 65 करोड़ के विकास कर स्वीकृत कराया। इस वर्ष वार्ड प्रवास के साथ साथ विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने प्रत्येक रविवार को लाभार्थी कैंप का आयोजन कराया। इस 76 दिवस में 11 कैंप लगवाकर हजारों लोगों को सरकार की विभिन्न योजना का लाभ पहुंचाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

