home page

बाढ़ प्रभावित परिवारों को जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं : जिलाधिकारी

 | 
बाढ़ प्रभावित परिवारों को जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं : जिलाधिकारी


कानपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर परिवारों को बिना देरी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। तहसील के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर रहकर जलस्तर में हो रहे बदलाव की निगरानी करें तथा राहत से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। यह बातें गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को बनियापुरवा गांव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के दौरान कहीं।

जिलाधिकारी ने क्षेत्र में पहुंचकर जलस्तर और राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि भगवानदीन का पुरवा में करीब 35 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं बनियापुरवा और भोपालपुरवा के आसपास के इलाकों में भी जलस्तर बढ़ा हुआ है। जिलाधिकारी ने इन क्षेत्रों में राहत और बचाव की तैयारियों की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने बताया कि पीछे से आने वाले पानी के डिस्चार्ज और उसके ट्रेंड में कमी आई है। इसका असर शुक्रवार शाम तक दिखाई देने की संभावना है और जलस्तर में कमी आ सकती है। हालांकि मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रशासन को किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तहसील के अधिकारी और कर्मचारी लगातार तैनात हैं। जरूरत के अनुसार लोगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को जलस्तर और बाढ़ की स्थिति की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि जलस्तर बढ़ने से स्थिति गंभीर होती है तो प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रूप से बाढ़ चौकी में शिफ्ट कराया जाए। लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाना चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने और जलस्तर में होने वाले बदलाव पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम तैयार रखने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप