home page

एनसीआर : प्रयागराज मंडल ने पीक्यूआरएस तकनीक से रचा नया कीर्तिमान

 | 
एनसीआर : प्रयागराज मंडल ने पीक्यूआरएस तकनीक से रचा नया कीर्तिमान


प्रयागराज, 05 अप्रैल (हि.स)। प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे ने ट्रैक नवीनीकरण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आधुनिक पीक्यूआरएस (Plasser Quick Relaying System) तकनीक के माध्यम से नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (प्रथम) अरुण कुमार के मार्गदर्शन में रविवार को यह कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। इस अभियान के अंतर्गत पंडित दीन दयाल उपाध्याय-प्रयागराज खंड के डाउन मेन लाइन (ग्रुप ‘ए’ मार्ग) पर स्थित करछना-भीरपुर ब्लॉक सेक्शन में मात्र 6.5 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक में 64 पैनल (लगभग 0.806 किमी) ट्रैक का नवीनीकरण किया गया। इस उपलब्धि के साथ प्रयागराज मंडल ने पूर्व में स्थापित 56 पैनलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए उत्तर मध्य रेलवे में नया रिकॉर्ड कायम किया है।

पीआरओ ने बताया कि पीक्यूआरएस प्रणाली के उपयोग से ट्रैक बिछाने की प्रक्रिया अत्यंत तीव्र, सुरक्षित एवं गुणवत्ता-युक्त हो जाती है। यह तकनीक सीमित समयावधि में अधिक कार्य निष्पादन सुनिश्चित करती है। जिससे रेल परिचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़ता है, ट्रैक की गुणवत्ता में सुधार होता है तथा ट्रेनों की गति एवं संरक्षा में वृद्धि संभव होती है।

उन्होंने बताया कि पीक्यूआरएस स्वचालित क्रेनों पर आधारित एक उन्नत एवं कॉम्पैक्ट तकनीक है, जो ट्रैक नवीनीकरण की प्रक्रिया को अधिक दक्ष एवं लागत प्रभावी बनाती है। इसका उपयोग नई रेल लाइनों के निर्माण एवं मौजूदा ट्रैक के आधुनिकीकरण में व्यापक रूप से किया जा रहा है। इस उच्च-आउटपुट ट्रैक नवीनीकरण कार्य की सफलतापूर्वक पूर्णता उत्तर मध्य रेलवे की आधुनिक तकनीकों को अपनाने, परिसंपत्तियों की विश्वसनीयता बढ़ाने तथा रखरखाव प्रणाली को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र