रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने महान योद्धा गाेकुला जाट काे किया नमन, बाेले एनसीईआरटी में शामिल हुई उनकी वीरगाथा
हाथरस, 12 अक्टूबर (हि.स.)। महान योद्धा वीर गोकुला जाट की वीरगाथा को एनसीईआरटी की पुस्तकों में शामिल किए जाने से उत्साहित केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी सोमवार को बिसावर पहुंचे। यहां उन्होंने वीर गोकुला जाट की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आगरा के किरावली में आयोजित स्वाभिमान सम्मान सभा के दौरान जयंत चौधरी ने सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया से वीर गोकुला जाट की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद वह विधायक के साथ बिसावर पहुंचे और महान योद्धा को नमन किया।
वीर गोकुला जाट का साहस, संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास की गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनकी वीरगाथा को पाठ्यपुस्तकों में स्थान मिलने से नई पीढ़ी को उनके ऐतिहासिक योगदान, शौर्य और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी उनके बलिदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास पर दिया जोर
पत्रकार वार्ता के दौरान जयंत चौधरी ने तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और कृषि क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि आईटीआई के लिए केंद्र सरकार की ओर से 60 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) तकनीक का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में एक हजार सीबीजी प्लांट स्थापित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि सीबीजी तकनीक को आईटीआई के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने पर विद्यार्थियों को प्लांट की स्थापना, इंस्टॉलेशन और तकनीकी संचालन की व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी। इससे युवाओं का तकनीकी कौशल विकसित होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना बढ़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

