home page

नवरात्र पर 46 प्राचीन मंदिर , 85 दुर्गा प्रतिमा स्थलों पर सीसीटीवी और ड्रोन से हाेगी निगरानी

 | 
नवरात्र पर 46 प्राचीन मंदिर , 85 दुर्गा प्रतिमा स्थलों पर सीसीटीवी और ड्रोन से हाेगी निगरानी


फर्रुखाबाद,09 अक्तूबर (हि.स.)। जनपद में नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए फर्रुखाबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में जिले के प्राचीन मंदिरों और दुर्गा प्रतिमा स्थापित स्थलों पर तीसरी आंख का सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। इन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी कराई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शुक्रवार काे यह बताया कि जिले में 46 प्राचीन मंदिरों और 85 दुर्गा प्रतिमा स्थापित स्थलों पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। नवरात्र के दौरान चैन स्नेचिंग, छेड़छाड़ और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सतर्क रहेगी। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, जिससे समय रहते पुलिस कार्रवाई कर सके। नवरात्र पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे जिले को 4 जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी के लिए 4 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 15 इंस्पेक्टर, 80 उपनिरीक्षक और 700 सिपाहियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे।

एसपी आरती सिंह ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा स्थापना करने वाले आयोजक मंडलों के साथ बैठक कर उन्हें सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई है।

आयोजकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। नियमों की अनदेखी किए जाने पर संबंधित आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर