नवरात्र के मद्देनजर डीएम-एसपी ने शहर के देवी मंदिरों का किया निरीक्षण
फर्रुखाबाद,10 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से आगामी शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न मंदिरों एवं मेला स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर, क्रिश्चियन कॉलेज ग्राउंड, मठिया देवी मंदिर तथा गुरुगांव देवी मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। मंदिरों एवं मेला स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था रखी जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करें और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधियों से कहा कि श्रद्धालुओं के सुगमतापूर्वक आवागमन एवं पूजा अर्चन के लिए भीड़ के प्रबंधन के लिए मंदिरों में बैरिकेडिंग लगाएं। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए कि मंदिरों के आसपास एवं श्रद्धालुओं के आवागमन स्थल पर व्यवस्थित रूप से प्रतिदिन साफ सफाई कराएं, सड़कों पर विचरण कर रहे आवारा गोवंश को पकड़कर आश्रय स्थलों तक पहुंचाएं। इसके साथ ही सड़कों पर उपयुक्त स्थलों पर कूड़ेदान की व्यवस्था कराएं। उन्होंने मंदिरों के आसपास स्थापित दुकानों के व्यापारियों से कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे के आउटपुट को साझा करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तत्परता से निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

