home page

विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब किसान आत्मनिर्भर बनेगा : स्वतंत्र देव सिंह

 | 
विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब किसान आत्मनिर्भर बनेगा : स्वतंत्र देव सिंह


विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब किसान आत्मनिर्भर बनेगा : स्वतंत्र देव सिंह


--प्राकृतिक खेती केवल खेती नहीं, धरती माता की सेवा है: प्रभारी मंत्री

--जिला पंचायत में प्राकृतिक कार्यशाला हुई सम्पन्न

प्रयागराज, 19 जून (हि.स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब किसान आत्मनिर्भर बनेगा।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल खेती नहीं बल्कि धरती माता की सेवा है। रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से अनेक गंभीर बीमारियां बढ़ी हैं, जबकि प्राकृतिक खेती से शुद्ध भोजन, स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की लागत कम होगी और आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है तथा कृषि क्षेत्र में बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। आज भारत खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बन चुका है और किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों में पहुंचाया जा रहा है।

सांसद प्रवीण पटेल ने कहा कि प्राकृतिक खेती भारतीय कृषि की प्राचीन एवं वैज्ञानिक पद्धति है, जो मानव स्वास्थ्य, पर्यावरण और भूमि की उर्वरा शक्ति को सुरक्षित रखने का प्रभावी माध्यम है। विधायक दीपक पटेल ने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया, जबकि विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कृषि उत्पादों के संरक्षण और मूल्य संवर्धन पर बल दिया।

कार्यशाला में प्राकृतिक खेती के तकनीकी पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं कृषि किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सांसद प्रवीण पटेल, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक दीपक पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, भाजपा गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता, एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी, किसान मोर्चा काशी क्षेत्र अध्यक्ष काशीनाथ तिवारी, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव, जिला मीडिया प्रभारी गंगापार उमेश तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी यमुनापार दिलीप कुमार चतुर्वेदी, महानगर सह मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, जिलाधिकारी मनीष वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, उप कृषि निदेशक पवन कुमार विश्वकर्मा, जिला कृषि अधिकारी के.के. सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, सहायक निदेशक मृदा परीक्षण एवं प्रशिक्षण पीयूष राय, अपर जिला कृषि अधिकारी विकास मिश्रा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभाकर दुबे परेवहा एवं सुशील मिश्रा ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र