home page

राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : शशि

 | 
राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : शशि


--राष्ट्र सेविका समिति के प्रशिक्षण वर्ग का हुआ समापन

प्रयागराज, 12 जून (हि.स)। राष्ट्र सेविका समिति द्वारा आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का शुक्रवार को उत्साह, अनुशासन एवं राष्ट्रभावना के वातावरण में माधव ज्ञान केन्द्र खरकौनी, नैनी में समापन हुआ। वर्ग के दौरान सेविकाओं को शारीरिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिसमें आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, संस्कार, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का बोध कराया गया।

यह जानकारी राष्ट्र सेविका समिति की पदाधिकारी डॉ रिचा नारायण ने दी। उन्होंने बताया कि समापन कार्यक्रम की मुख्य वक्ता शशि ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। संस्कारवान, जागरूक और सक्षम मातृशक्ति ही समाज को नई दिशा प्रदान कर सकती है। डॉ रिचा ने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य सेविकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और समाज सेवा की भावना को जागृत करना है। समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षार्थियों ने समाज हित एवं राष्ट्र सेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।

वर्ग की मुख्य अतिथि पूजा गुप्ता (निदेशक एलडीसी पब्लिक स्कूल) एवं अध्यक्ष डॉ सविता अग्रवाल स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ ने कार्यक्रम की प्रशंसा की। वर्ग में सहभागी सेविकाओं ने विभिन्न शारीरिक प्रदर्शन, घोष, योग, दंड एवं यष्टि प्रात्यक्षिक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सेविकाओं के समर्पण एवं अनुशासन की सराहना की। वर्ग अधिकारी गीता तिवारी ने वर्ग का वृत्त प्रस्तुत किया। प्रशिक्षण वर्ग की मुख्य शिक्षिका मोमी डे, विभाग कार्यवाहिका प्रिया, प्रांत कार्यवाहिका माया पांडे, प्रांत संपर्क प्रमुख देवयानी, प्रांत बौद्धिक प्रमुख वंदना सहित लगभग 101 बहनों की उपस्थिति से वर्ग का समापन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र