home page

फिजी के चीनी उद्योग के आधुनिकीकरण में सहयोग करेगा राष्ट्रीय शर्करा संस्थान : सीमा परोहा

 | 
फिजी के चीनी उद्योग के आधुनिकीकरण में सहयोग करेगा राष्ट्रीय शर्करा संस्थान : सीमा परोहा


कानपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में स्थित राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (एनएसआई) भारतीय शर्करा प्रौद्योगिकी को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के साथ फिजी के चीनी उद्योग के आधुनिकीकरण में हर संभव तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा।

यह बातें गुरुवार को राष्ट्रीय शर्करा संस्थान की निदेशक प्रो. सीमा परोहा ने फिजी शुगर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर कहीं। एनएसआई में फिजी शुगर कॉर्पोरेशन (एफएससी) के अधिकारियों के लिए आयोजित 20 दिवसीय अनुकूलित प्रशिक्षण कार्यक्रम आज संपन्न हो गया। 28 सितंबर को शुरू हुए इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में फिजी की तीन चीनी मिलों के लगभग 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण के दौरान संस्थान के विशेषज्ञों ने शर्करा प्रौद्योगिकी और शर्करा अभियांत्रिकी से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। इनमें मिलिंग, शर्करा प्रसंस्करण, भाप और ऊर्जा की बचत, उप-उत्पादों का उपयोग, डिजाइन, स्वचालन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे विषय शामिल रहे। कार्यक्रम का समन्वय शर्करा अभियांत्रिकी के प्रोफेसर डॉ. विनय कुमार और तकनीकी अधिकारी ब्रजेश सिंह ने किया।

संस्थान के अनुसार, प्रशिक्षण के ऑनलाइन चरण की सफलता से उत्साहित फिजी शुगर कॉर्पोरेशन ने अब प्रत्यक्ष रूप से प्रशिक्षण आयोजित करने का अनुरोध किया है। इसके तहत राष्ट्रीय शर्करा संस्थान के विशेषज्ञों की एक टीम फिजी जाकर वहां के अधिकारियों को प्रशिक्षण देगी। इसके बाद फिजी शुगर कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारियों का एक दल आगामी पेराई सत्र के दौरान व्यावहारिक प्रशिक्षण लेने के लिए दो महीने तक कानपुर स्थित संस्थान में रहेगा।

यह कार्यक्रम भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। इससे भारत और फिजी के बीच तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिलने के साथ दोनों देशों के चीनी उद्योग के बीच संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप