home page

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप त्रि-भाषा नीति लागू करने का निर्णय स्वागत योग्य : अभाविप

 | 
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप त्रि-भाषा नीति लागू करने का निर्णय स्वागत योग्य : अभाविप


लखनऊ, 23 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा 09 के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-2023 के अनुरूप त्रि-भाषा नीति को अनिवार्य रूप से लागू करने के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है। अभाविप ने कहा है कि बोर्ड द्वारा लिया गया यह निर्णय स्कूली शिक्षा को लचीला, समावेशी, भविष्योन्मुखी और परिवर्तनकारी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो 'विकसित भारत 2047' के संकल्पों और आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके अतिरिक्त, अभाविप तीनों भाषाओं में बोर्ड परीक्षा आयोजित कराए जाने की भी मांग करती है। जिससे ये भाषाएं केवल अधिगम तक सीमित न रहकर मूल्यांकन परक भी हो जिससे इसके दीर्घकालिक परिणाम निकल कर आए।

अभाविप का मानना है कि इस नीति में तीन में से कम से कम दो भाषाओं के भारतीय मूल होने की अनिवार्यता, देश के भाषाई वैभव और सांस्कृतिक जड़ों को सुदृढ़ करेगी। भारत स्वाभाविक रूप से एक बहुभाषी समाज है जहाँ छात्र घर, विद्यालय और कार्यस्थल पर अलग-अलग भाषाओं का उपयोग करते हैं। ऐसे में छात्रों को कई भारतीय भाषाओं में संवाद करने में सक्षम बनाना अत्यंत आवश्यक है। संथाली, मैथिली, डोगरी और कोंकणी जैसी भाषाओं को पहली बार शामिल कर कुल 44 भाषाओं का विस्तृत विकल्प देना बोर्ड का एक सराहनीय और स्वागत योग्य प्रयास है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने जारी बयान में कहा कि, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा त्रि-भाषा नीति को पूर्णतः लागू करने का निर्णय भारतीय शिक्षा के स्वदेशीकरण और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। देश में रोजगार और उच्च शिक्षा के लिए निरंतर बढ़ रहे अंतर-राज्यीय प्रवास को देखते हुए भारतीय भाषाओं का ज्ञान छात्रों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। संक्रमण काल के दौरान पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता और शिक्षकों की कमी जैसी व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के लिए बोर्ड द्वारा जो लचीले समाधान दिए गए हैं, वे सराहनीय हैं।

अभाविप का यह मत है कि भाषाओं को सीखने के साथ ही बोर्ड परीक्षाओं को भी त्रि-भाषा में कराया जाए, जिससे यह नीति अधिक प्रभावी हो सके; अभाविप त्रि-भाषा नीति को अध्ययन के साथ-ही बोर्ड परीक्षा को तीनों भाषाओं में आयोजित करने हेतु मांग करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन