home page

समाज तभी सशक्त होगा जब महिलाएं स्वस्थ और जागरूक रहेंगी : डॉ. विशेषता चौहान

 | 
समाज तभी सशक्त होगा जब महिलाएं स्वस्थ और जागरूक रहेंगी : डॉ. विशेषता चौहान


गोरखपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) की तरफ से सोमवार को नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. विशेषता चौहान (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) ने महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं मानसिक सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. चौहान ने कहा कि समाज तभी सशक्त होगा जब महिलाएं स्वस्थ और जागरूक रहेंगी। उन्होंने छात्राओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति प्रभारी एवं पुलिस उप निरीक्षक प्रीति विश्वकर्मा तथा पुलिस उप निरीक्षक अंजना कुशवाहा ने महिलाओं की सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं विधिक अधिकारों के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंतर्गत नारी सशक्तिकरण पर पोस्टर प्रेजेंटेशन, निबंध तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर नारी सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा के संदेश के प्रसार के लिए मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया तथा जागरूकता रैली निकाली गई। सभी आयोजन डॉ. धनंजय पांडेय, डॉ. आयुष कुमार पाठक, डॉ. अमित उपाध्याय, सुमन यादव की देखरेख में हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय