नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की मजबूत पहल : अनिल दीक्षित
कानपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल है। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि इस महत्वपूर्ण विषय पर विशेष सत्र आयोजित हुआ। इससे कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति और अधिक समर्पण तथा ऊर्जा का संचार होगा। हम सभी इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह बातें गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही
उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र देखने के लिए आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आमंत्रण पर कानपुर से महिला नेताओं सहित कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सत्र को देखने के लिए पहुंचा।
जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में प्रमोद विश्वकर्मा, अवधेश सोनकर, शिवांग मिश्रा, सीमा (एमबीए), शालिनी कटियार, रीता पासवान, पूनम कंवर सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने विधानसभा पहुंचकर कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा और प्रस्तुत विचारों व चर्चाओं को गंभीरता से सुना।
यह विशेष सत्र नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्वपूर्ण विषय पर केंद्रित रहा, जिसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम बताया गया।
विधानसभा अध्यक्ष द्वारा महिला नेताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाना महिला सम्मान और भागीदारी को बढ़ावा देने का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नजदीक से समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने इस अवसर के लिए विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया और नारी सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

