home page

नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम : शिवराम सिंह

 | 
नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम : शिवराम सिंह


कानपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह कानून महिलाओं को राजनीति में भागीदारी के अधिक अवसर देगा और लोकतंत्र को और मजबूत बनाएगा। सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस जनकल्याणकारी पहल की जानकारी पहुंचाएं। समाज में महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। यह बातें गुरुवार को भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कही।

शहर के दक्षिण में भारतीय जनता पार्टी द्वारा छावनी विधानसभा क्षेत्र के श्याम नगर स्थित आर.के. गैलेक्सी में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में एक वृहद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिनका लाभ देश की करोड़ों महिलाओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

सभी वक्ताओं ने एक स्वर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जनजागरूकता अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे समाज के हर वर्ग तक इस कानून की जानकारी पहुंचाएं और महिलाओं के अधिकारों को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार करें।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक रघुनंदन भदोरिया, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, भूपेंद्र त्रिपाठी, आभा द्विवेदी, अनीता त्रिपाठी, सुषमा चौहान, ममता राजपूत, मधु तिवारी और आशा पांडे सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप