नंद उत्सव और दही हांडी पर झूमे श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री
मथुरा, 05 सितम्बर (हि.स.)। श्री धाम वृंदावन स्थित ठाकुर श्री राधा नील माधव जी महाराज मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 2026 का शनिवार को भव्य और भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ।
इस समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री व अध्यक्ष ठा. रघुराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समापन दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने ठाकुर श्री राधा नील माधव जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान आयोजित विशेष नंद उत्सव और दही हांडी कार्यक्रम ने उत्सव के आनंद को दोगुना कर दिया। इसके बाद हुए संकीर्तन, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को पूरी तरह से दिव्य और भक्तिमय बना दिया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्यमंत्री ठा. रघुराज सिंह ने कहा, “भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, साहस और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी जैसे पर्व हमारी युवा पीढ़ी को भारत की महान आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ने का कार्य करते हैं। वृंदावन केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति की जीवंत धरोहर है।” वहीं मंदिर के महाराज श्री प्रणव अवस्थी ने कहा कि जन्माष्टमी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने भीतर श्रीकृष्ण के विचारों और दिव्य संदेश को जागृत करने का पर्व है। सौ से अधिक भक्तों द्वारा एक साथ किए गए संकीर्तन से वृंदावन की पावन भूमि का आध्यात्मिक वातावरण और भी अलौकिक हो गया।
तीन दिवसीय इस भव्य महोत्सव के दौरान यज्ञ, श्रीकृष्ण कथा, संकीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, महाभिषेक, बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नंद उत्सव, दही हांडी और महाप्रसाद जैसे तमाम धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन संपन्न हुए। कार्यक्रम के अंत में मंदिर प्रबंधन और महाराज श्री प्रणव अवस्थी ने सभी संतों, अतिथियों, श्रद्धालुओं और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा देश व दुनिया में शांति, समृद्धि और मानव कल्याण की प्रार्थना की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

