home page

नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह ने राजस्थान पुलिस कर्मियाें काे कार्यप्रणाली से कराया अवगत

 | 
नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह ने राजस्थान पुलिस कर्मियाें काे कार्यप्रणाली से कराया अवगत


नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह ने राजस्थान पुलिस कर्मियाें काे कार्यप्रणाली से कराया अवगत


नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह ने राजस्थान पुलिस कर्मियाें काे कार्यप्रणाली से कराया अवगत


गोरखपुर, 24 मार्च (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के अधिकारियों/कर्मचारियों के लिए इन दिनों गोरखपुर स्थित एसएसबी कैंपस में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विशेषकर तहसील स्तर पर होने वाले राजस्व एवं न्यायिक कार्यों की गहन जानकारी प्रदान करना है, ताकि विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय और कार्यकुशलता को और बेहतर बनाया जा सके।

इसी क्रम में तहसील सभागार में आयोजित एक विशेष सत्र के दौरान नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह ने प्रतिभागियों को तहसील की कार्यप्रणाली से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तहसील प्रशासन राजस्व संग्रह, भूमि अभिलेखों के संधारण, नामांतरण (म्यूटेशन), सीमांकन, जाति/आय/निवास प्रमाण पत्र निर्गमन सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों का केंद्र होता है।

प्रशिक्षण के दौरान भागीरथी सिंह ने राजस्व न्यायालय की प्रक्रिया, वादों के निस्तारण की प्रणाली, लेखपाल एवं कानूनगो की भूमिका, तथा आम जनता को मिलने वाली सेवाओं की पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों की सही समझ पुलिस अधिकारियों के लिए भी आवश्यक है, जिससे वे कानून-व्यवस्था के साथ-साथ राजस्व से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय स्थापित कर सकें।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें जमीनी स्तर पर प्रशासनिक ढांचे को समझने में काफी मदद मिलेगी। अंत में प्रतिभागियों ने विभिन्न बिंदुओं पर सवाल-जवाब कर अपनी शंकाओं का समाधान भी किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और राजस्व विभाग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय