सांसद पर अभद्र टिप्पणी से नाराज लोधी महासभा, चेयरमैन के खिलाफ खोला मोर्चा
भाजपा नेता के कथित हिंसात्मक बयान पर सियासी घमासान, राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग
हमीरपुर, 16 मई ( हि. स. )। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे भाजपा से नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कुलदीप निषाद के कथित हिंसात्मक और अमर्यादित बयान को लेकर जिले की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी के खिलाफ दिए गए विवादित बयान पर अखिल भारतीय लोधी लोधा राजपूत महासभा ने शनिवार को कड़ा विरोध जताते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन राठ उपजिलाधिकारी अभिमन्यु कुमार को सौंपा।
महासभा के जिलाध्यक्ष रूपसिंह लोधी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने सार्वजनिक मंच और सोशल मीडिया के माध्यम से हिंसात्मक एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बयान दिए हैं। ज्ञापन में “जरूरत पड़ी तो लात-घूंसे भी चलाएंगे, घर का घेराव करेंगे और कार्यकर्ताओं से पिटाई करवाएंगे” जैसे कथित बयानों का उल्लेख करते हुए इसे खुली धमकी करार दिया गया। संगठन का कहना है कि किसी जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की उकसाऊ भाषा समाज में तनाव और वैमनस्य फैलाने का काम करती है।
महासभा ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की बयानबाजी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ हिंसा के लिए उकसाने जैसी गंभीर श्रेणी में आती है। महासभा ने कहा कि यदि किसी नेता द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी की जाती है तो उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए, लेकिन कानून हाथ में लेने की चेतावनी देना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। संगठन ने दावा किया कि इस बयान से पूरे बुंदेलखंड के लोधी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग की गई कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए भाजपा नेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

