home page

नगर पंचायत ने कराया था इंटरलॉकिंग का काम, दो माह में ही धंस गया जैतई मार्ग

 | 
नगर पंचायत ने कराया था इंटरलॉकिंग का काम, दो माह में ही धंस गया जैतई मार्ग


हाथरस, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में नगर पंचायत द्वारा राज्य वित्त आयोग की धनराशि से सादाबाद-जैतई मार्ग पर निर्मित खड़ंजा महज दो महीने में ही क्षतिग्रस्त हो गया। बीती देर रात हुई बारिश के कारण निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ गए। पानी के बहाव से खड़ंजे के नीचे की मिट्टी खिसक गई, जिससे कई स्थानों पर मार्ग धंस गया।

शुक्रवार सुबह क्षतिग्रस्त सड़क पर जब एक छाेटा वाहन सामान लेकर इसी मार्ग से गुजर रहा था ताे धंसे हुए हिस्से पर पहुंचते ही खड़ंजा और नीचे बैठ गया। वाहन का एक पहिया गहरे गड्ढे में धंस गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण के समय न तो उचित आधार तैयार किया गया और न ही गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग किया गया। जल्दबाजी और लापरवाही से काम निपटाया गया, जिसके परिणामस्वरूप पहली ही बरसात में खड़ंजा धंस गया।

इस मामले पर नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने कहा कि संबंधित स्थान पर पहले कुछ अन्य कार्य कराया गया था, जिसके बाद खड़ंजे का निर्माण हुआ।लगातार बारिश के कारण नीचे की मिट्टी बह जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त हिस्से का जल्द सर्वेक्षण कराकर पुनर्निर्माण कराया जाएगा और मार्ग को सुरक्षित बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना