मुरादाबाद के अधिवक्ताओं की न्यायालय और न्याय के प्रति निष्ठा अनुकरणीय: न्यायमूर्ति
मुरादाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। दि बार एसोसिएशन एण्ड लाइब्रेरी मुरादाबाद के एसपी गुप्ता सभा भवन स्थित सभागार में न्यायमूर्ति पदम नारायण मिश्र का जनपद न्यायाधीश मुरादाबाद से प्रोन्नत होकर उच्च न्यायालय इलाहाबाद (प्रयागराज) में न्यायमूर्ति बनाए जाने पर मुरादाबाद में दि बार एसोसिएशन एण्ड लाइब्रेरी द्वारा न्यायमूर्ति पदम नारायण मिश्र का स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
न्यायमूर्ति पदम नारायण मिश्र ने कहा कि मुरादाबाद में जनपद न्यायाधीश के रूप में कार्यकाल उनके जीवन में अविस्मरणीय कार्यकाल के रूप में रहेगा। उन्होंने कहा मुरादाबाद के अधिवक्ताओं में जो न्यायालय और न्याय के प्रति निष्ठा है वह सदैव अनुकरणीय रहेगी।
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रभारी जनपद न्यायाधीश अंजना ने कहा कि न्यायमूर्ति का जनपद न्यायधीश के रूप में मुरादाबाद में जो कार्यकाल रहा वह एक अल्प अवधि का भले ही रहा हो लेकिन उनका कार्यकाल न्याय के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी कई सुधारों के लिये हमेशा मुरादाबाद में याद किया जाएगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता व महासचिव कपिल गुप्ता व उनकी समस्त कार्यकारिणी ने न्यायमूर्ति को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दि बार एसोसिएशन एण्ड लाइब्रेरी के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता एडवोकेट ने व संचालन बार के महासचिव कपिल गुप्ता एडवोकेट ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

