home page

जलभराव की शिकायत के लिए नगर निगम ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

 | 

गोरखपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में जलभराव और जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए नगर निगम ने हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए हैं। शहर के किसी भी हिस्से में जलभराव होने अथवा जलनिकासी की समस्या सामने आने पर नागरिक इन नंबरों पर सूचना देकर संबंधित टीम को मौके पर बुला सकते हैं।

मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जलभराव की शिकायत के लिए नगर निगम की हेल्पलाइन 1533 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा नागरिक नगर निगम कंट्रोल रूम के लैंडलाइन नंबर 0551-2342621 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जलभराव वाले स्थान की तस्वीर और लोकेशन साझा करने के लिए व्हाट्सऐप नंबर 8810709390 जारी किया गया है। वहीं, राहत संबंधी सूचना के लिए 9454416252 पर संपर्क किया जा सकता है।

शिकायत के लिए प्रमुख नंबर

नगर निगम हेल्पलाइन : 1533

कंट्रोल रूम : 0551-2342621

व्हाट्सऐप : 8810709390

राहत संबंधी संपर्क : 9454416252

नगर निगम की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि जलभराव की सूचना देते समय स्थान की सही जानकारी और यथासंभव उसकी लोकेशन साझा करें। फोटो उपलब्ध होने पर उसे भी व्हाट्सऐप नंबर पर भेजा जा सकता है। इससे संबंधित टीम को समस्या वाले स्थान की पहचान करने और आवश्यक कार्रवाई करने में सुविधा होगी।

बारिश के दौरान शहर के प्रमुख नालों और जलनिकासी मार्गों पर नगर निगम की टीमें सक्रिय रखी गई हैं। जलभराव की सूचना मिलने पर संबंधित क्षेत्र में टीम भेजकर पानी की निकासी कराने का प्रयास किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि जलनिकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले कूड़े-कचरे को नालियों और नालों में न डालें तथा किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल नगर निगम को सूचना दें।

नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि लगातार बारिश के दौरान जलभराव वाले संभावित क्षेत्रों पर निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाएगी, ताकि बारिश के कारण लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय