home page

बारिश से सड़कों पर हुए गड्ढों और जलभराव पर नगर आयुक्त सख्त, तत्काल सुधार के निर्देश

 | 
बारिश से सड़कों पर हुए गड्ढों और जलभराव पर नगर आयुक्त सख्त, तत्काल सुधार के निर्देश


कानपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। बारिश के बाद सड़कों पर हुए गड्ढों और जलभराव से लोगों को हो रही परेशानी को तत्काल दूर कराया जाए। जहां सड़क निर्माण का काम चल रहा है, वहां कार्य में तेजी लाकर तय समय में पूरा किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। गड्ढों को तत्काल भरकर सड़कें मोटरेबल कराई जाएं और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। यह निर्देश शनिवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शहर के विभिन्न मार्गों के निरीक्षण के दौरान दिए।

नगर आयुक्त ने मोतीझील, बेनाझाबर रोड, बकरमंडी, चुन्नीगंज, लाल इमली, परेड चौराहा, बड़ा चौराहा, फूलबाग, जाजमऊ, केडीए चौराहा, जेके चौराहा, रामादेवी, यशोदा नगर, गोविंद नगर, फजलगंज, मरियमपुर और जेके मंदिर समेत कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। लाल इमली से परेड चौराहे के बीच जगह-जगह गंदगी मिलने पर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। बड़ा चौराहे पर पानी जमा मिलने पर भी तत्काल जलभराव हटाने को कहा गया।

सीएम ग्रिड रोड के निरीक्षण के दौरान बारिश से हुए गड्ढों की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने बताया कि गड्ढों में जीएसबी डालकर फिलहाल सड़क को आवागमन योग्य किया गया है। नगर आयुक्त ने जहां यूटिलिटी का काम पूरा हो चुका है, वहां व्हाइट टॉपिंग से सीसी रोड का निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। सड़क के साथ फुटपाथ और डिवाइडर पर हरित पट्टी का काम भी कराने को कहा।

दीप सिनेमा से सोटे बाबा मंदिर मार्ग पर सीएम ग्रिड के काम की धीमी प्रगति पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने 15 सितंबर तक यूटिलिटी का काम पूरा कराने और सितंबर में सड़क निर्माण समेत पूरा कार्य समाप्त करने की अंतिम चेतावनी दी। इस मार्ग पर 3600 मीटर सड़क का काम अभी शेष है।

नई चुंगी चौराहे पर बने बड़े गड्ढे के निरीक्षण में करीब 70-80 वर्ष पुराने डाट नाले के बैठने की वजह सामने आई। नगर आयुक्त के निर्देश पर जल निगम ने मौके पर काम शुरू किया। रामादेवी से यशोदा नगर बाईपास के बीच पड़े सीएंडडी वेस्ट को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।

देवकी चौराहे पर जलभराव की समस्या के निरीक्षण में मेट्रो के करीब 100 मीटर नाले की पूरी सफाई नहीं होने से पानी का बहाव प्रभावित मिला। नगर आयुक्त ने मेट्रो को नगर निगम और जलकल की निगरानी में नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही नीरक्षीर चौराहे पर भी संयुक्त निरीक्षण कर जलनिकासी व्यवस्था सुधारने को कहा।

जेके चौराहे से नई चुंगी के बीच ग्रीनबेल्ट में कूड़ा डाले जाने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और ग्रीनबेल्ट में कूड़ा न डालने की सख्त हिदायत दी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप