गंगा मेला मार्गों का नगर आयुक्त ने लिया जायजा, सफाई व अतिक्रमण हटाने के निर्देश
कानपुर, 09 मार्च (हि.स.)। गंगा मेला को देखते हुए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार को जुलूस मार्गों और विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान कोतवाली चौराहा, तिलक हाल, चूड़ी मार्केट शिवाला, मेस्टन रोड से मूलगंज मार्ग के साथ ब्रह्मनगर में धंसे डॉट नाले और जोन-5 स्थित पनकी के बड़े नाले व नंदी गौशाला का भी जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जुलूस मार्गों पर कराई गई पैच मरम्मत को लेकर नगर आयुक्त ने कोतवाली चौराहे से चूड़ी बाजार शिवाला होते हुए राममोहन हाते से कमला टावर तक सड़क की स्थिति देखी। अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग पर पांच से छह स्थानों पर पैच मरम्मत कराई गई है, जबकि कोतवाली से मूलगंज तक मार्ग ठीक है। वार्ड-104 की आंतरिक गलियों में भी मरम्मत कार्य कराया गया है। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों से भी कार्य की जानकारी ली गई।
शिवाला मार्केट के पास तिराहे पर नालियां भरी मिलने और खंभे के पास कूड़ा पाए जाने पर नगर आयुक्त ने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं बड़ा चौराहा और शिवाला क्षेत्र में स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण मिलने पर अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए गए। बड़ा चौराहा से परेड, लाल इमली और चुन्नीगंज तक सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
ब्रह्मनगर से ईदगाह चौराहे के बीच धंसे डॉट नाले के कार्य की प्रगति भी देखी गई। अधिकारियों ने बताया कि नाले को पक्का कर दिया गया है और मेनहोल तक लाइन डाल दी गई है। नगर आयुक्त ने क्षेत्र को मोटरेबल बनाने और सीवर व पेयजल लाइन अलग से डालने के निर्देश दिए।
इसके बाद पनकी क्षेत्र में बड़े नाले की सफाई व्यवस्था देखी गई। खुले नालों पर ट्रैश बैरियर लगाने और सफाई कार्य के लिए रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए। पनकी स्थित नंदी गौशाला में 546 गौवंश संरक्षित पाए गए और चारा व साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली। नगर आयुक्त ने यहां वृक्षारोपण कराने और चल रहे निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

