गलियों में लगेंगे पंप, पुलिया के नीचे से हटेगी मिट्टी : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मैनावती मार्ग पर जलभराव की स्थिति सामान्य होने के बाद अब आंतरिक गलियों में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। परमिया नाले से निकली सिल्ट का तत्काल उठान कराने, पुलियों के नीचे जमा मिट्टी हटाने और जरूरत के अनुसार पंपों को दूसरी जगह लगाए जाएं। यब निर्देश शनिवार को निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शनिवार को निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी आरके सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ परमिया सम्पवेल एवं पनमिया नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान गंगा का जलस्तर नीचे होने के कारण सम्पवेल पर जलनिकासी का दबाव सामान्य मिला। हालांकि, पंप से निकलने वाले पानी के रास्ते में छोटी पुलिया के नीचे मिट्टी जमा होने से निकासी का प्रवाह घुमावदार हो रहा था। इस पर टीएमएक्स-20 मशीन से मिट्टी हटाकर पानी की निकासी सीधी कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मैनावती मार्ग स्थित एनआरआई सिटी के पास तीन पंप और सिंहपुर चौराहे तक अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर तीन अन्य पंप चालू मिले। अधिकारियों को बताया गया कि मैनावती मार्ग पर अब जलभराव नहीं है और परमिया सम्पवेल से पानी की निकासी में भी कोई अवरोध नहीं है। ऐसे में एनआरआई सिटी के सामने लगे पंपों को आंतरिक गलियों में लगाया जाए, जिससे वहां जलभराव की स्थिति न बने।
उन्होंने परमिया नाले की सफाई में लगे वाहनों को लगातार सक्रिय रखने और निकाली गई सिल्ट का तत्काल उठान कराने को कहा। मैनावती मार्ग पर तीन-चार स्थानों पर जमा सिल्ट को तुरंत हटाने के साथ प्रत्येक पुलिया पर जलनिकासी सुचारू रखने और पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

